रांची: मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘नारकोस’ के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) रांची और आरपीएफ फ्लाइंग टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रांची रेलवे स्टेशन से 12 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. बरामद गांजा की अनुमानित बाजार कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है.



यह विशेष जांच अभियान आरपीएफ पोस्ट रांची के निरीक्षक शिशुपाल कुमार के नेतृत्व में चलाया गया. अभियान के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-1 स्थित वीआईपी गेट के पास एक संदिग्ध युवक काले और हरे रंग का स्काई बैग लेकर बैठा दिखाई दिया. जांच दल को देखकर उसके हाव-भाव संदिग्ध लगे. जिसके बाद उसे रोककर पूछताछ की गई.
पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान बृजराज यादव (19 वर्ष). पिता निवास यादव. निवासी ग्राम मटियारवा. थाना पदरौना. जिला कुशीनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में बताई. बैग की तलाशी लेने पर उसने स्वीकार किया कि उसमें गांजा रखा हुआ है.
घटना की सूचना मिलने पर सहायक सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ प्रताप सिंह नेगी मौके पर पहुंचे. एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में बैग की तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान चार पैकेटों से कुल 12 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ. जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 6 लाख रुपये आंकी गई है.
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मेहंदी अंसारी नामक व्यक्ति ने उसे ओडिशा के संताला से गोरखपुर तक गांजा पहुंचाने का जिम्मा दिया था. इसके बदले प्रति किलोग्राम 1,000 रुपये देने का वादा किया गया था. आरोपी के अनुसार. रांची रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की जांच शुरू होते ही मेहंदी अंसारी मौके से फरार हो गया.
आरपीएफ ने बरामद गांजा को जब्त कर सील कर दिया है. इसके बाद गिरफ्तार आरोपी और जब्त मादक पदार्थ को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची के हवाले कर दिया गया है. पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है.





