रांची: राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र स्थित मनीटोला से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला की हत्या उसी की गोद ली हुई बेटी ने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर कर दी. इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है.

मृतका नाहिद परवीन ने जिस बच्ची को महज 6 महीने की उम्र में गोद लेकर पाला-पोसा, उसी ने भरोसे का खून कर दिया. पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि वारदात की रात युवती ने अपने प्रेमी और उसके दोस्त को घर बुलाया, जहां तीनों ने मिलकर पहले मारपीट की और फिर नाहिद परवीन की हत्या कर दी.
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को घर के डीप फ्रीजर में छिपा दिया, ताकि किसी को शक न हो. इसके बाद घटना को हादसा दिखाने की साजिश रची गई. आरोपी बेटी ने रिश्तेदारों को फोन कर बताया कि उसकी मां बाथरूम में गिर गई हैं, जिससे उनकी मौत हो गई. रिश्तेदारों ने बिना संदेह किए अंतिम संस्कार भी कर दिया.
हालांकि शव पर चोट के निशान और गले पर कट के घाव ने पूरे मामले को संदिग्ध बना दिया. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की और सख्ती से पूछताछ में आरोपी युवती ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. जांच में यह भी सामने आया कि युवती अपनी मां की पेंशन के पैसे अपने प्रेमी को देती थी, जिसे लेकर अक्सर विवाद होता था. मृतका इस रिश्ते के खिलाफ थीं और बेटी की शादी कहीं और तय कर रही थीं. इसी नाराजगी में हत्या की साजिश रची गई.
पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए राजेंद्र इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसस (रिम्स) भेजा है. साथ ही एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए हैं.
सिटी एसपी ने प्रेस वार्ता में बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. यह घटना सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि रिश्तों के टूटने और भरोसे के खत्म होने की एक भयावह मिसाल बनकर सामने आई है.

