
रांची: कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत रविवार को राजधानी रांची के मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से स्टूडेंट्स मैराथन का आयोजन किया गया. मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र- छात्राओं और युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया.


कार्यक्रम में एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार, यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, विधायक नमन बिक्सल कोंगाड़ी समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
मैराथन के समापन पर महिला एवं पुरुष वर्ग के विजेताओं को सम्मानित किया गया. इस अवसर पर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने घोषणा की कि दोनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को वित्त विभाग की ओर से कुल एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी.
इस दौरान कन्हैया कुमार ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा कोटा से शुरू किया गया ‘छात्रों की गूंज’ अभियान अब देश के 28 शहरों तक पहुंच चुका है. उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य छात्रों की समस्याओं, शिक्षा व्यवस्था की खामियों और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाना है.
कन्हैया कुमार ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में लगातार पेपर लीक, शैक्षणिक सत्र में देरी, छात्रावासों की बदहाल व्यवस्था और युवाओं को रोजगार नहीं मिलने जैसी समस्याएं गंभीर होती जा रही हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों की आवाज सुनकर उसे विपक्ष के नेता राहुल गांधी तक पहुंचा रही है.
उन्होंने अभियान की तीन प्रमुख मांगें भी दोहराईं. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और कथित पेपर लीक माफिया के संबंधों की निष्पक्ष जांच, परीक्षा प्रणाली एवं एनटीए में व्यापक सुधार, तथा राष्ट्रीय स्तर पर जॉब कैलेंडर और एकेडमिक कैलेंडर लागू करने की मांग की, ताकि छात्रों का भविष्य सुरक्षित हो और परीक्षाओं एवं नियुक्तियों में अनिश्चितता समाप्त हो. कन्हैया कुमार ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ अभियान आगे भी पूरे झारखंड में जारी रहेगा और विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रों की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा.





