रांची: राज्य में बढ़ती बिजली कटौती और पेयजल संकट को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को रांची में जोरदार आक्रोश प्रदर्शन किया. भारतीय जनता पार्टी रांची महानगर के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन और उपायुक्त कार्यालय घेराव कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा भी शामिल हुए.


प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बिजली- पानी व्यवस्था को लेकर सरकार पर विफलता का आरोप लगाया. बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने जनसमस्याओं के समाधान की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया.

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि राज्य में पानी की भारी किल्लत और लगातार बिजली कटौती ने आम लोगों का जीवन संकट में डाल दिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि जनता बूंद- बूंद पानी और घंटों बिजली के लिए परेशान है, लेकिन राज्य सरकार केवल प्रचार, विज्ञापन और खोखले वादों में व्यस्त है.
अर्जुन मुंडा ने कहा, “राज्य की जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है. गांव से लेकर शहर तक लोग पानी और बिजली की समस्या से जूझ रहे हैं. केंद्र सरकार विकास के लिए लगातार राशि भेज रही है, लेकिन उस राशि का सही उपयोग नहीं हो रहा है. जनता आज सरकार की नाकामी का खामियाजा भुगत रही है.”
प्रदर्शन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, रांची विधायक सीपी सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे. नेताओं ने राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो भाजपा सड़क से सदन तक आंदोलन जारी रखेगी.
कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार से बिजली और पानी संकट पर तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की. वहीं प्रदर्शन को लेकर रांची में राजनीतिक माहौल भी गर्म रहा.

