रामगढ़/लोहरदगा: लोहरदगा के सांसद सह कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी सुखदेव भगत सोमवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता स्वर्गीय रूपी सोरेन के श्राद्ध कर्म एवं संस्कार भोज में शामिल होने उनके पैतृक गांव नेमरा, रामगढ़ पहुंचे. इस दौरान उन्होंने दिवंगत रूपी सोरेन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल सोरेन परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की.



सांसद सुखदेव भगत ने स्वर्गीय रूपी सोरेन के तैलचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की. उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन सहित परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर इस दुःख की घड़ी में अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और परिजनों को ढांढस बंधाया.
संघर्ष, ममता और साहस की प्रतिमूर्ति थीं रूपी सोरेन
अपने शोक संदेश में सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि स्वर्गीय रूपी सोरेन संघर्षशीलता, ममता और साहस की प्रतिमूर्ति थीं. उन्होंने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संघर्षपूर्ण जीवन में हर कदम पर एक मजबूत स्तंभ की भूमिका निभाई. झारखंड आंदोलन से लेकर परिवार को संभालने तक उनका योगदान अविस्मरणीय रहा है.
उन्होंने कहा कि रूपी सोरेन का निधन केवल सोरेन परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है. उनका ममत्व, सादगी और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा.
शोकाकुल परिवार को शक्ति देने की कामना
सांसद सुखदेव भगत ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत रूपी सोरेन की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान मिले तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान हो. श्राद्ध कर्म के अवसर पर कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे.

