रामगढ़: जिले में अपराध नियंत्रण, छेड़खानी, अड्डेबाजी और सड़क पर अवैध पार्किंग जैसी समस्याओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर “प्रहरी” नामक विशेष अभियान की शुरुआत की गई है. इस पहल का उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और पुलिस की मैदान में मौजूदगी बढ़ाना है.
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार “प्रहरी” अभियान को तीन भागों में विभाजित किया गया है. इसमें पैदल गश्ती, अड्डेबाजी के खिलाफ अभियान और एंटी क्राइम चेकिंग शामिल है.

पहले चरण में जिले के संवेदनशील इलाकों, बाजारों, स्कूल-कॉलेजों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित पैदल गश्ती की जाएगी. सभी थाना और ओपी प्रभारियों को सप्ताह में कम से कम दो दिन निर्धारित रूट पर गश्ती करने का निर्देश दिया गया है. अब तक जिले में कुल 76 मार्गों का चयन किया गया है.
दूसरे चरण में अड्डेबाजी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा. पुलिस ने जिले में ऐसे 114 स्थानों की पहचान की है, जहां युवाओं और असामाजिक तत्वों की गतिविधियां अधिक देखी जाती हैं. इन स्थानों पर नियमित छापेमारी और निगरानी रखी जाएगी. पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि अड्डेबाजी से जुड़ी सूचना व्हाट्सएप नंबर 9262998529 पर साझा करें.
तीसरे चरण में सड़क सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जाएगा. इसके तहत जिले के 69 स्थानों को चिह्नित किया गया है, जहां दिन में कम से कम तीन बार वाहन जांच और चेकिंग अभियान चलाया जाएगा. पुलिस का कहना है कि इससे अपराध नियंत्रण के साथ-साथ यातायात नियमों का पालन भी सुनिश्चित किया जाएगा. रामगढ़ पुलिस ने आम जनता से इस अभियान में सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि लोगों की सहभागिता से ही “प्रहरी” पहल को सफल बनाया जा सकेगा. पुलिस का दावा है कि इस अभियान से जिले में कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा. गौरतलब है कि एसपी के तौर पर मुकेश लुणायत ने सरायकेला- खरसावां जिले में भी इस तरह की पहल की थी जो काफ़ी सफल साबित हुई. अब रामगढ़ में यह प्रयोग कितना सफल होता है वह देखना दिलचस्प होगा.



