रामगढ़: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को रामगढ़ में ओपन क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता-2026 का भव्य आयोजन किया गया. खेल एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड सरकार के तत्वावधान में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ उपायुक्त ऋतुराज ने हरी झंडी दिखाकर किया.


पुरुष वर्ग की दौड़ पटेल चौक एवं छावनी फुटबॉल मैदान से, जबकि महिला वर्ग की दौड़ निर्धारित स्थल से शुरू हुई. प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए उपायुक्त ऋतुराज स्वयं धावकों के साथ दौड़े. उपायुक्त को अपने बीच दौड़ते देख प्रतिभागियों का उत्साह और बढ़ गया.

इस अवसर पर उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है. रामगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. जिला प्रशासन युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है.
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला. राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को खेल और शारीरिक गतिविधियों से जुड़ने का संदेश भी दिया गया. कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारी, खेल पदाधिकारी, पुलिस बल, खिलाड़ी सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी और आम नागरिक मौजूद रहे.

