Ramgarh CCL Saunda D Project रामगढ़: सीसीएल के मकान खाली करने के नोटिस के खिलाफ ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन, सौंदा डी परियोजना कार्यालय पर विशाल धरना, दो विधायकों ने दिया समर्थन
इसे अपने सभी मित्रों और परिवार के साथ साझा करें...
रामगढ़: जिले के बरका सयाल क्षेत्र अंतर्गत भुरकुंडा की सौंदा बस्ती टिपला के ग्रामीणों ने सीसीएल द्वारा मकान खाली करने के लिए जारी नोटिस के विरोध में सोमवार को सौंदा डी परियोजना कार्यालय के समक्ष विशाल धरना-प्रदर्शन किया. प्रदर्शन में हजारों की संख्या में महिला और पुरुष ग्रामीण शामिल हुए तथा सीसीएल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
धरना-प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वर्षों से बसे लोगों को बिना उचित समाधान और पुनर्वास के मकान खाली करने का नोटिस दिया जा रहा है. उन्होंने सीसीएल प्रबंधन से नोटिस तत्काल वापस लेने और ग्रामीणों की समस्याओं का स्थायी समाधान करने की मांग की.
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15 (1)
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15
आंदोलन को समर्थन देने के लिए बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो, जिला परिषद सदस्य शाह तथा सांसद प्रतिनिधि राजाराम प्रजापति भी धरना स्थल पहुंचे. जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों की मांगों को जायज बताते हुए उनके आंदोलन का समर्थन किया.
बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि ग्रामीणों के अधिकारों की रक्षा के लिए वे हर स्तर पर संघर्ष करेंगे. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सीसीएल प्रबंधन ने ग्रामीणों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
मांडू विधायक निर्मल महतो ने भी कहा कि किसी भी ग्रामीण की एक इंच जमीन जबरन अधिग्रहित नहीं होने दी जाएगी. उन्होंने कहा कि विस्थापितों और स्थानीय लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे.
धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता मिथुन कुमार ने की, जबकि संचालन शशिकांत प्रसाद ने किया. कार्यक्रम में बिनोद कुमार, विक्रांत साव, अशोक बाउरी, पवन कुमार, पिंटू कुमार, सचिन बाउरी, अरविंद प्रसाद, लक्ष्मी देवी, चिंता देवी, सरिता देवी, पूजा कुमारी सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे.