
चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत तिरुलडीह पंचायत भवन में रामन्या फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित रामन्या प्रतिभा छात्रवृत्ति परीक्षा का भव्य सम्मान समारोह संपन्न हुआ. समारोह में क्षेत्र के विभिन्न प्रखंडों के सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों के लगभग 250 मेधावी छात्र- छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट सफलता के लिए सम्मानित किया गया. इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावक भी उपस्थित रहे.


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक साव, प्रमुख प्रतिमा बाला सिंह पातर तथा उप प्रमुख एकराम अंसारी मौजूद रहे. अतिथियों ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में रामन्या फाउंडेशन का यह प्रयास प्रेरणादायक और सराहनीय है.
समारोह के दौरान संस्था के निदेशक राम सिंह एवं अनुराधा सिंह सहित अतिथियों ने सफल विद्यार्थियों को मोबाइल टैबलेट. छात्रवृत्ति राशि. सम्मान पत्र प्रदान किए. इसके साथ ही कक्षा 6 से 10वीं तक के विद्यार्थियों के लिए एक वर्ष की निःशुल्क ऑनलाइन कक्षाओं की भी शुरुआत की गई. ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे डिजिटल माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकें.
अनुशासन और निरंतर प्रयास से मिलती है सफलता: निदेशक
संस्था के निदेशक राम सिंह ने कहा कि वर्तमान समय प्रतियोगिता का दौर है. ऐसे में विद्यार्थियों को अनुशासन. नियमित अध्ययन और निरंतर प्रयास को अपनी आदत बनानी चाहिए. उन्होंने कहा कि रामन्या फाउंडेशन का उद्देश्य आर्थिक और सामाजिक रूप से पिछड़े क्षेत्रों के प्रतिभाशाली बच्चों को आगे बढ़ने का समान अवसर उपलब्ध कराना है.
कार्यक्रम का संचालन संस्था के योजना प्रमुख राजकिशोर भगत ने किया. आयोजन को सफल बनाने में प्रधानाचार्य लखन महतो, प्रखंड समन्वयक अमर नाथ पाण्डेय, योजना प्रबंधक शम्भू कुमार, जीतेन्द्र कुमार तथा रामन्या फाउंडेशन की पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर





