राजनगर: देश करम एकता संघ के तत्वावधान में रविवार को राजनगर स्थित कुड़मी भवन के समीप शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा का अनावरण किया गया. कार्यक्रम में आंदोलनकारी नेता आस्तिक महतो और सांसद प्रतिनिधि यशवंत महतो ने संयुक्त रूप से फीता काटकर प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया.


प्रतिमा अनावरण के अवसर पर उपस्थित लोगों ने शहीद निर्मल महतो के संघर्ष, सामाजिक योगदान और झारखंड आंदोलन में उनकी भूमिका को याद किया. लोगों ने प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शहीद निर्मल महतो का जीवन सामाजिक एकता, जनहित और संघर्ष की भावना से जुड़ा रहा. झारखंड आंदोलन में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा. उनकी स्मृति को जीवंत रखने और नई पीढ़ी को उनके संघर्ष से परिचित कराने के उद्देश्य से प्रतिमा स्थापित की गई है.
कार्यक्रम में देश करम एकता संघ के अध्यक्ष सुधांशु महतो, सचिव साहेब राम महतो, उपाध्यक्ष बैद्यनाथ महतो, दिलीप महतो, डॉ. सुभाष चंद्र महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल

