जमशेदपुर: आगामी 11 अक्टूबर 2026 को मिथिला सांस्कृतिक परिषद, गोलमुरी, जमशेदपुर में आयोजित होने वाली द्वितीय राज्य स्तरीय पैरा योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप–2026 की तैयारियों को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष श्रीमती सुधा झा ने की. इस दौरान पैरा योगासन प्रमोशन कमिटी के राज्य कॉर्डिनेटर डॉ. रवि शंकर नेवार भी मौजूद रहे.


बैठक में प्रतियोगिता के सफल, सुव्यवस्थित एवं भव्य आयोजन को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई. इसमें प्रतियोगिता की रूपरेखा, आयोजन स्थल की व्यवस्था, खिलाड़ियों का पंजीकरण, तकनीकी एवं निर्णायक मंडल, आवास एवं भोजन, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था तथा अतिथियों के स्वागत समेत अन्य तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया.
बैठक में जिला पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आयोजन को बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव रखे. साथ ही प्रतियोगिता से जुड़े विभिन्न दायित्वों के निर्वहन के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया गया.
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुधा झा ने कहा कि पैरा योगासन प्रतियोगिता का उद्देश्य दिव्यांगजनों की प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना, उनमें आत्मविश्वास एवं आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना तथा योग के माध्यम से समावेशी समाज के निर्माण को प्रोत्साहित करना है.
राज्य कॉर्डिनेटर डॉ. रवि शंकर नेवार ने बताया कि प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से पैरा योगासन खिलाड़ी हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से दिव्यांग खिलाड़ियों को खेल और योग के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा.
पूर्वी सिंहभूम जिला सचिव सह कंपटीशन डायरेक्टर मलय कुमार डे ने सभी संबंधित संस्थाओं, योग प्रेमियों, खेल संगठनों एवं समाज के गणमान्य नागरिकों से प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग और सहभागिता की अपील की.
बैठक में जिला उपाध्यक्ष अर्जुन शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष ललिता शर्मा, जिला सह सचिव प्रज्ञा पारोमिता, लक्ष्मी साहू, गौरी कर, प्रेमलता प्रसाद, इराक्षी शामल, आरती झा, अजय वर्मा एवं शुभम कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे.
प्रतियोगिता का विवरण
प्रतियोगिता: द्वितीय राज्य स्तरीय पैरा योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप–2026
दिनांक: 11 अक्टूबर 2026, रविवार
स्थान: मिथिला सांस्कृतिक परिषद, गोलमुरी, जमशेदपुर, झारखंड
आयोजक: पूर्वी सिंहभूम जिला योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन

