राजनगर: थाना के नए प्रभारी के रूप में सोनू कुमार ने रविवार को पदभार ग्रहण किया. पदभार संभालने के बाद उन्होंने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, अवैध खनन पर अंकुश और सड़क सुरक्षा को अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल बताया.


सोनू कुमार ने कहा कि क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के साथ अवैध खनन जैसी गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि पुलिस और आम लोगों के बीच बेहतर समन्वय एवं आपसी विश्वास कायम कर क्षेत्र में शांतिपूर्ण वातावरण बनाने का प्रयास किया जाएगा.
उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात नियमों के पालन को लेकर लोगों को जागरूक करने की बात कही. साथ ही वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की. नए थाना प्रभारी ने क्षेत्र के लोगों से किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल थाना को देने की अपील की. उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले लोगों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी. उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के सहयोग से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल

