जामताड़ा: बोदमा केबिन और जामताड़ा के बीच डाउन मेन लाइन पर रविवार तड़के ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी. मृतक की पहचान तेलईपाड़ा निवासी मोहित किस्कू (43), पिता स्व. सुरेंद्र किस्कू के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गयी. परिजनों को सूचना मिलने के बाद परिवार में मातम पसर गया.


बताया गया कि रेलवे पोल संख्या 243/2 के समीप बोदमा केबिन से जामताड़ा की ओर करीब 200 मीटर की दूरी पर रेल पटरी के पास मोहित किस्कू का शव पड़ा मिला. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आ गये, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गयी. हालांकि, घटना किस ट्रेन से और किन परिस्थितियों में हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है.
मिहिजाम पुलिस और आरपीएफ ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही मिहिजाम थाना के एएसआई जहांगीर अंसारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. वहीं, चित्तरंजन आरपीएफ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. पुलिस एवं आरपीएफ कर्मियों ने शव को रेलवे ट्रैक से हटाकर कब्जे में लिया.
इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया गया. पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है. आसपास के लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मोहित किस परिस्थिति में रेलवे लाइन के पास पहुंचे थे.
अज्ञात ट्रेन की तलाश, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है. घटना के समय उक्त रेलखंड से गुजरने वाली ट्रेनों की जानकारी भी जुटायी जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

