चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल क्षेत्र में रविवार को पाटा टोल टैक्स बाईपास ब्रिज से लेकर चांडिल गोलचक्कर तक भीषण जाम लग गया. देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. जाम के कारण आम राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.


जाम की वजह से कई वाहन चालक काफी देर तक सड़क पर फंसे रहे. इस दौरान जरूरी काम से जाने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी हुई. जाम में फंसे एक कार सवार ने बताया कि उन्हें रांची एयरपोर्ट जाना है, लेकिन जाम के कारण काफी समय निकल चुका है. उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि अगर इसी तरह जाम की स्थिति बनी रही तो उनकी फ्लाइट छूट सकती है.
जाम के कारण सड़क पर वाहनों की रफ्तार पूरी तरह थम गयी. कई मोटरसाइकिल चालक किसी तरह वैकल्पिक रास्ते से निकलने का प्रयास करते नजर आए. वहीं, जाम में स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आने-जाने वाले यात्रियों को भी काफी परेशानी झेलनी पड़ी.
स्थानीय लोगों का कहना है कि चांडिल क्षेत्र में लगातार बढ़ते यातायात दबाव के कारण आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है. लोगों ने जर्जर सड़क की मरम्मत, जलजमाव की समस्या के समाधान और जाम की स्थिति में तत्काल यातायात पुलिस की तैनाती की मांग की है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने की जरूरत है, ताकि आम लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सके.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक

