राजनगर: टाटा-चाईबासा मुख्य मार्ग पर राजनगर थाना क्षेत्र के रोला-खैरबनी के समीप रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि सड़क किनारे खड़े कोयला लदे हाइवा को पीछे से आर-वन-फाइव यामाहा बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा.


हादसे की सूचना मिलते ही राजनगर थाना प्रभारी सोनू कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे. उन्होंने गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को अपने वाहन से राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतक की पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया है.
समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और हाइवा के संबंध में जांच शुरू कर दी है. हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है.
इस दर्दनाक सड़क हादसे के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. पुलिस मृतक की पहचान के लिए आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है.
रिपोर्ट : रासबिहारी मंडल

