सरायकेला: जिले के राजनगर थाना अंतर्गत भरतपुर गांव के पास शनिवार देर रात ट्रैक्टर, बाइक और एक्टिवा स्कूटी की टक्कर में दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में दोनों के पैरों में गंभीर चोट आई है.


घायलों की पहचान केंदमुंडी गांव निवासी 32 वर्षीय पाल्टन देवगम और रवि देवगम के रूप में हुई है. दोनों भाई बाइक से जमशेदपुर जा रहे थे. इसी दौरान उनकी हॉर्नेट बाइक संख्या JH22J- 5162 की ट्रैक्टर से टक्कर हो गई. दुर्घटना में एक्टिवा स्कूटी संख्या JH 05 BY- 0819 भी चपेट में आ गई.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस से एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है. बताया गया कि पाल्टन देवगम टाटा स्टील में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं, जबकि रवि देवगम जमशेदपुर में काम करते हैं. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.

