राजनगर/ Sarita Mahato थाना क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से बुधवार रात 8 बजे से 10 बजे तक एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया. यह कार्रवाई थाना प्रभारी चंचल कुमार के नेतृत्व में हुई, जिसमें पुलिस टीम ने मुख्य मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की जांच की, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की और कागजातों का सत्यापन किया.

थाना प्रभारी चंचल कुमार ने क्षेत्र में हो रहे सड़क हादसों पर चिंता व्यक्त करते हुए लोगों से अपील की कि बाइक चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें और यातायात नियमों का पालन करें. उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है और लापरवाही जानलेवा हो सकती है.
उन्होंने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाना को देने की अपील की. थाना प्रभारी ने बताया कि एंटी क्राइम चेकिंग अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा, ताकि अपराध की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और क्षेत्र में कानून- व्यवस्था मजबूत बनी रहे.

