राजनगर/ Rasbihari Mandal प्रखंड के गोविंदपुर पंचायत अंतर्गत गोविंदपुर मार्केट में स्ट्रीट लाइट वर्षों से खराब पड़ी है, जिससे पूरा बाजार क्षेत्र अंधेरे में डूबा हुआ है. शाम होते ही यहां आवाजाही करने वाले लोगों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. अंधेरे के कारण चोरी-छिनतई और सड़क हादसों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार पंचायत प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई. प्रशासन की इस उदासीनता को लेकर लोगों में नाराजगी भी बढ़ती जा रही है. दुकानदारों का कहना है कि अंधेरे की वजह से कारोबार पर भी असर पड़ रहा है और ग्राहक शाम के बाद बाजार आने से कतराते हैं.
इस गंभीर समस्या को लेकर क्षेत्र के समाजसेवी सह जागरण पंचायत क्लब गोविंदपुर के अध्यक्ष अजय कुमार गोप ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि बाजार में स्ट्रीट लाइट बहाल करना बेहद जरूरी है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर हो सके.
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेते हुए कब तक समाधान सुनिश्चित करता है.

