सरायकेला: जिले के राजनगर प्रखंड कार्यालय के समक्ष बुधवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा किसानों के समर्थन में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा राजनगर के तीनों मंडल अध्यक्षों ने किया. प्रदर्शन में भाजपा जिला अध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान, पूर्व विधायक अनंतराम टुडू, रमेश हांसदा, भुवनेश्वर महतो, विनोद ज्योतिषी समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और किसान शामिल हुए.

प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान किसानों से किए गए बड़े-बड़े वादों को सरकार बनने के बाद पूरा नहीं किया गया.
सभा को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि राज्य के किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित है. किसानों को धान का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है और समय पर खाद-बीज, सिंचाई सुविधा तथा ऋण माफी जैसी योजनाओं का लाभ भी किसानों तक नहीं पहुंच पा रहा है.
नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है, जिसके कारण ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है. भाजपा नेताओं ने कहा कि खेती-किसानी से जुड़े मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और किसानों के हित में ठोस कदम उठाने की मांग की. कुछ समय के लिए प्रखंड कार्यालय परिसर का माहौल काफी गरमाया रहा.
भाजपा नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो पार्टी आने वाले दिनों में और बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होगी. इस मौके पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे.
रिपोर्ट: राबिहारी मंडल



