जामताड़ा :चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना कर्मचारी संघ के आह्वान पर शुक्रवार को जनरल मैनेजर कार्यालय के बाहर आर.के. गेट के समक्ष विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया. संघ के अध्यक्ष दिनेश पाठक के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में पूर्व अध्यक्ष अमरेंद्र सिन्हा, कार्यकारी अध्यक्ष आशीष मुखर्जी सहित बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी और विभिन्न समूहों के सदस्य शामिल हुए.

भारी बारिश के बावजूद हजारों रेलकर्मी धरना स्थल पर पहुंचे और “रेलवे बचाओ, सीएलडब्ल्यू बचाओ, रोजगार बचाओ” के नारों के साथ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. कार्यक्रम का संचालन संघ के महामंत्री अनुज कुमार ने किया.
धरना के दौरान वक्ताओं ने रेलवे में लगभग 30 हजार पदों में की जा रही कटौती को तत्काल वापस लेने की मांग उठाई. साथ ही वर्कशॉप में कार्यरत लैब कर्मचारियों को प्रोत्साहन भत्ता देने, ग्रुप-डी कर्मचारियों की नियुक्ति करने तथा अपरेंटिस कर चुके अभ्यर्थियों को नौकरी में प्राथमिकता देने की मांग की गई.
संघ की ओर से चित्तरंजन रेलवे कॉलोनी के सभी प्रकार के क्वार्टरों के नवीनीकरण, क्षेत्र की कानून-व्यवस्था में सुधार तथा बंगाल सरकार द्वारा लिए जाने वाले प्रोफेशनल टैक्स को समाप्त करने की भी मांग रखी गई.
इसके अलावा मेकेनिकल विभाग में ग्रेड-1 पदोन्नति शीघ्र करने और एसी इंस्टॉलेशन में अतिरिक्त राशि जमा करने वाले कर्मचारियों को पैसा वापस करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई.
धरना-प्रदर्शन के दौरान संघ के पदाधिकारियों ने पीओएफ एवं पीओएच को बंद करने, सीएमटी कैडर में प्रोत्साहन देने तथा फिटर ग्रेड-II से ग्रेड-I में जल्द पदोन्नति करने की मांग को लेकर प्रशासन को चेतावनी दी. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



