पटना: भारत के 15वें उपराष्ट्रपति के रूप में सीपी राधाकृष्णन के शपथ ग्रहण समारोह के अवसर पर देशभर से बधाइयों का सिलसिला जारी है. इस मौके पर अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लीफ एवं सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने अपनी अद्भुत कलाकारी से उपराष्ट्रपति को अनूठी बधाई दी. उन्होंने पांच घंटे की मेहनत के बाद मात्र तीन सेंटीमीटर छोटे पीपल के पत्ते पर सीपी राधाकृष्णन का चित्र बनाकर “Congratulations Vice President” उकेरा. यह कलाकृति सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.

मधुरेंद्र कुमार ने बताया कि 67 वर्षीय सीपी राधाकृष्णन ने हाल ही में हुए उपराष्ट्रपति चुनाव में 452 वोट हासिल कर यह प्रतिष्ठित पद प्राप्त किया. वर्तमान में महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में कार्यरत राधाकृष्णन अब देश के दूसरे सबसे बड़े संवैधानिक पद की जिम्मेदारी संभालेंगे. उन्होंने कहा कि कला के माध्यम से बधाई देना उनकी परंपरा है और वे इसी तरह समाज में सकारात्मक संदेश देने के लिए कला का उपयोग करते रहेंगे.
गौरतलब है कि बिहार के चंपारण में जन्मे मधुरेंद्र कुमार दुनियाभर में अपनी सैंड और लीफ आर्ट के लिए प्रसिद्ध हैं. वे अब तक 5000 से अधिक पत्तों पर चित्र उकेरकर लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा चुके हैं. वे महापुरुषों, प्राकृतिक घटनाओं और ज्वलंत मुद्दों पर कलाकृतियां बनाकर समाज में जागरूकता फैलाते हैं.
मौके पर उपस्थित लोगों ने मधुरेंद्र की कलाकृति की सराहना की और कहा कि सीपी राधाकृष्णन की राजनीतिक यात्रा, सामाजिक योगदान और लंबे अनुभव ने उन्हें इस महत्वपूर्ण भूमिका के लिए उपयुक्त बनाया है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
