पलामू: झारखंड में सोमवार से ऑल इंडिया टाइगर एस्टीमेशन (AITE- 2026) की औपचारिक शुरुआत की गई. इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम का उद्देश्य बाघ सहित अन्य प्रमुख मांसाहारी और बड़े शाकाहारी वन्यजीवों की उपस्थिति, मूवमेंट और आवास से संबंधित वैज्ञानिक आंकड़ों का संकलन करना है.

AITE- 2026 की शुरुआत के पहले दिन ही उत्साहजनक संकेत मिले. सर्वेक्षण के दौरान पालामू टाइगर रिज़र्व क्षेत्र में बाघ का स्पष्ट पगमार्क देखा गया, जिससे क्षेत्र में बाघ की सक्रिय उपस्थिति की पुष्टि होती है. इसके अलावा तेंदुआ और भेड़िया के भी महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं, जो यहां की समृद्ध जैव-विविधता को दर्शाते हैं.
इस प्रक्रिया में कुल 110 फॉरेस्ट गार्ड स्टाफ, 300 ट्रैकर्स और 25 प्रशिक्षित वॉलंटियर्स ने सहभागिता की. सभी टीमों को रिज़र्व के विभिन्न रेंज एवं बीट क्षेत्रों में तैनात किया गया, जहां ट्रैक सर्च, साइन सर्वे और प्राथमिक डेटा रिकॉर्डिंग का कार्य किया गया.
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आगामी दिनों में प्राप्त पगमार्क और अन्य संकेतों का वैज्ञानिक सत्यापन और दस्तावेजीकरण किया जाएगा. सभी रेंज और बीट क्षेत्रों को चरणबद्ध रूप से कवर किया जाएगा और कैमरा ट्रैपिंग एवं डेटा एनालिसिस की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.
अधिकारियों ने बताया कि पहले दिन मिले सकारात्मक संकेत पालामू टाइगर रिज़र्व में वन्यजीव संरक्षण और प्रबंधन प्रयासों को नई मजबूती प्रदान करते हैं.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
