चांडिल: आगामी दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को निमडीह थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में पुलिस प्रशासन के पदाधिकारियों, विभिन्न पूजा समितियों के सदस्यों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया.


बैठक के दौरान दुर्गापूजा के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने, पूजा पंडालों में सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और प्रतिमा विसर्जन के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. पुलिस प्रशासन ने पूजा समितियों को निर्धारित नियमों का पालन करने और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने का निर्देश दिया.
अफवाहों से रहें सावधान, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान नहीं देने और विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की गई.
पूजा समितियों से जुलूस एवं प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया. साथ ही यातायात बाधित नहीं होने देने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया गया.
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी. सभी पूजा समितियों और स्थानीय लोगों से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की गई.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर

