नीमडीह: सोमवार तड़के करीब सात बजे के आसपास नीमडीह थाना अंतर्गत सिरूम चौक पर अनियंत्रित हाइवा ने बाईक सवार युवकों को बुरी तरह से रौंद दिया. हालांकि एक युवक ने किसी तरह कूद कर अपनी जान बचाई, जबकि एक युवक घायल हो गया उसका स्थानीय क्लिनिक में ईलाज चल रहा है. घटना के बाद आक्रोषित लोगों ने नीमडीह- तिरुलडीह मार्ग को जाम कर दिया और हाइवा के चालक और खलासी को बंधक बना लिया है.

बताया जा रहा है कि कुदलुंग के दो युवक बाईक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे. इसी दौरान अनियंत्रित हाइवा ने रौंद दिया. हाइवा मालिक तिरुलडीह का बुबाई नामक व्यक्ति है. स्थानीय लोगों ने बताया कि गाड़ी खालासी चला रहा था. जबतक गाड़ी मालिक और पुलिस नहीं आती है और घायलों को मुआवजा नहीं दिया जाता है सड़क जाम नहीं हटाया जाएगा. बताया जा रहा है कि हाइवा स्टॉक से बालू उठाव करने जा रहा था तभी यह घटना हुई है. सड़क पर जाम लगने से नीमडीह- तिरुलडीह मार्ग पर अवगमन पूरी तरह से ठप्प हो गया है. दर्जनों हाइवा जहां- तहां जाम में फंसे हैं. सूचना मिलते ही नीमडीह थाने की पुलिस घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है.

