सरायकेला: चांडिल-पुरुलिया एनएच-32 से जुड़े पुरुलिया- बोकारो मार्ग पर सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में सरायकेला-खरसावां जिले के तीन युवकों की मौत हो गई. तीनों युवक नीमडीह थाना क्षेत्र के जुगिलांग गांव के रहने वाले थे.


मिली जानकारी के अनुसार तीनों युवक पुरुलिया जिले के बलरामपुर स्थित छाता मेला में पनामा सर्कस देखकर बाइक से घर लौट रहे थे. मालती चेक पोस्ट के समीप जमशेदपुर की ओर से पश्चिम बंगाल जा रही एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने बाइक सवार युवकों को अपनी चपेट में ले लिया.
हादसे में शिवम गोप और लुकास गोप की मौके पर ही मौत हो गई. गंभीर रूप से घायल सपन गोप को पुरुलिया सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई.
घटना के बाद तीनों परिवारों में मातम पसरा है. सूचना मिलने पर पश्चिम बंगाल पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है.
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद कार सवार वाहन छोड़कर फरार हो गए. ऐसे में यह सवाल भी उठ रहा है कि चेक पोस्ट के समीप पुलिस की मौजूदगी के बावजूद वाहन सवार कैसे निकल गए. हालांकि इस संबंध में पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है.

