सरायकेला: प्रखंड के मुरुप पंचायत अंतर्गत जगन्नाथपुर रंगाटांड स्थित श्रीकृष्ण मंदिर परिसर में दिवंगत समाजसेवी नीलसेन प्रधान की प्रतिमा के ऊपर शेड का निर्माण किया गया है. पूजा आयोजन समिति ने यह पहल दिवंगत समाजसेवी को सच्ची श्रद्धांजलि स्वरूप की है. इससे पूर्व प्रतिमा का अनावरण भी किया जा चुका था.

मौके पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पूजा व मेला संचालन समिति, जगन्नाथपुर (महालिमोरूप) के अध्यक्ष नागेश्वर प्रधान ने बताया कि शेड निर्माण से प्रतिमा को धूप और बारिश से सुरक्षा मिलेगी और इससे प्रतिमा की सुंदरता भी बढ़ेगी. समिति के सचिव हेमसागर प्रधान ने बताया कि दिवंगत समाजसेवी नीलसेन प्रधान की स्मृति में प्रतिमा व शेड निर्माण की योजना लंबे समय से थी, जो अब पूरी हो गई है.
मौके पर नागेश्वर प्रधान, हेमसागर प्रधान, जगन्नाथ प्रधान, विकास गोप, महेश लोहार समेत कई लोग मौजूद थे. विदित हो कि दिवंगत नीलसेन प्रधान हाल ही में स्वर्गवासी हुए थे. वे चक्रधरपुर रेलवे ऑफिस में सुप्रिंटेंडेंट के पद पर कार्यरत थे और समाजसेवा में अग्रणी भूमिका निभाते थे. उन्होंने गौड़ सेवा संघ के केंद्रीय उपाध्यक्ष, महालिमोरूप क्षेत्रीय गौड़ समाज के अध्यक्ष तथा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पूजा व मेला संचालन समिति के अध्यक्ष के रूप में समाजहित में महत्वपूर्ण कार्य किए थे.
दिवंगत नीलसेन प्रधान की धर्मपत्नी श्रीमती त्रिपुरा देवी, सुपुत्र प्रकाश प्रधान व विकास प्रधान समेत परिजनों ने समिति और क्षेत्र के सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतिमा और शेड निर्माण से समाज ने उनके परिवार के मुखिया को सच्ची श्रद्धांजलि दी है.

