जामताड़ा: नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि तरुण कुमार गुप्ता ने बुधवार को अपने आवासीय कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित कर नगर पंचायत के तीन माह के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखा. इस दौरान उन्होंने अब तक किए गए कार्यों, चल रही विकास योजनाओं और आगामी योजनाओं की जानकारी साझा की. प्रेस वार्ता में नगर पंचायत के सभी वार्ड सदस्य, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.


तरुण गुप्ता ने कहा कि नगर पंचायत ने अल्प अवधि में कई महत्वपूर्ण कार्यों की शुरुआत की है. उन्होंने दावा किया कि वर्षों से जाम और उपेक्षित पड़ी नालियों की सफाई का कार्य शुरू कराया गया है. उनके अनुसार 10 से 15 वर्षों से साफ नहीं हुई नालियों की सफाई कर जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं.
उन्होंने बताया कि 15वें वित्त आयोग की योजनाओं की समीक्षा की जा रही है. लगभग 13 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त होने के बाद विकास कार्यों को और गति मिलेगी. साथ ही पूर्व कार्यकाल में संचालित योजनाओं की भी जांच कराई जा रही है. उन्होंने कहा कि कई योजनाओं में अनियमितताओं की शिकायतें मिली हैं, जिसके आधार पर पुराने अभिलेखों और दस्तावेजों का सत्यापन कराया जा रहा है.
नगर क्षेत्र में शीघ्र ही पोल मार्किंग अभियान शुरू किए जाने की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि सभी वार्डों में वार्ड संख्या और नाम अंकित किए जाएंगे. इसके अलावा प्रत्येक लाइट पोल और पुल की पहचान सुनिश्चित कर उनका रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा, जिससे रखरखाव और निगरानी की प्रक्रिया अधिक प्रभावी हो सकेगी.
प्रेस वार्ता के दौरान तरुण गुप्ता ने पूर्व कार्यकाल में खरीदी गई सोलर लाइट योजना पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि करीब साढ़े चार करोड़ रुपये की लागत से सोलर लाइट खरीदी गई थीं और प्रत्येक लाइट की कीमत लगभग 87 हजार रुपये बताई गई थी, लेकिन नगर क्षेत्र में इनका अस्तित्व दिखाई नहीं देता. उन्होंने पूछा कि इतनी बड़ी राशि से खरीदी गई सोलर लाइटें आखिर कहां स्थापित की गईं.
उन्होंने न्यू टाउन क्षेत्र में सस्ती षष्ठी तला से कॉलोनी तक बनने वाली सड़क योजना का भी उल्लेख किया. गुप्ता ने कहा कि लगभग 2 करोड़ 47 लाख रुपये का टेंडर होने के बावजूद सड़क निर्माण कार्य अब तक अधूरा है. इसके कारण स्थानीय लोगों को जलजमाव और कीचड़ जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है.
नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि वर्षों से बंद पड़ी डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण योजना को पुनः शुरू करने की दिशा में काम किया जा रहा है. वहीं शवदाह गृह की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पुरानी मशीन लगाकर जल्दबाजी में उद्घाटन कर दिया गया था. इस संबंध में सरकार को पत्राचार भी किया गया, लेकिन उद्घाटन हो जाने का हवाला देते हुए मामले को आगे नहीं बढ़ाया गया.
तरुण गुप्ता ने कहा कि नगर पंचायत में नागरिक सुविधाओं को लेकर अब पारदर्शी व्यवस्था लागू की जा रही है. पानी टंकी, नगर भवन बुकिंग अथवा अन्य सेवाओं के लिए लोगों को किसी व्यक्ति विशेष पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी लोगों को “दादा” से पूछना पड़ता था, लेकिन अब सभी कार्य निर्धारित नियम और प्रक्रिया के तहत किए जाएंगे.
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को नगर क्षेत्र में 2000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसके लिए गांधी मैदान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. उन्होंने नगरवासियों से कम से कम पांच पौधे लगाने की अपील भी की.
अंत में तरुण गुप्ता ने कहा कि चुनाव के दौरान जनता से किए गए सभी वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा. नगर विकास के संकल्प को किसी भी परिस्थिति में रुकने नहीं दिया जाएगा.
तीन माह के कार्यकाल का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए तरुण गुप्ता ने जहां विकास कार्यों को नई दिशा देने का दावा किया, वहीं पूर्व कार्यकाल की योजनाओं पर सवाल उठाकर स्थानीय राजनीति में नई बहस को भी जन्म दे दिया है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



