मुंगेर: जिले के कासिम बाजार थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. बिंदवारा निवासी उमेश कुमार सिंह के गंगा में कूदकर आत्महत्या करने की चर्चा के बीच अब करोड़ों की ठगी का बड़ा खेल सामने आने लगा है. तीन दिन बीत जाने के बाद भी उमेश का कोई सुराग नहीं मिला है, जबकि गांव में यह चर्चा जोरों पर है कि आत्महत्या की कहानी दरअसल करोड़ों की ठगी को छिपाने की साजिश है.

जानकारी के मुताबिक, 17 अक्टूबर की सुबह उमेश कुमार सिंह की स्कूटी, कपड़ा और जूता दुमंठा घाट पर मिला था. परिजनों ने इसे आत्महत्या बताया, लेकिन अब लेनदारों का आरोप है कि उमेश ने ब्याज पर पैसा लगवाने के नाम पर सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपये वसूले थे. शुरुआत में हर महीने दो प्रतिशत ब्याज दिया गया, लेकिन पिछले तीन महीनों से भुगतान बंद था.
ग्रामीणों का कहना है कि उमेश ने फरारी की योजना पहले से बना रखी थी और अब गंगा में कूदने की कहानी बनाकर भाग गया है. गांव में बताया जा रहा है कि उसने कई राज्यों में संपत्ति खरीदी थी और लोगों से रकम लेकर रसीद व चेक जारी करता था, जो अब बाउंस हो गए हैं. कई ग्रामीणों ने तो अपनी जमीन तक बेचकर उसमें पैसा लगाया था.

वहीं कासिम बाजार थानाध्यक्ष रूबीकांत कश्यप ने बताया कि उमेश की भाभी रेणु देवी ने लिखित शिकायत दी है कि 17 अक्टूबर की सुबह उमेश गंगा स्नान के लिए निकले थे और लौटे नहीं. पुलिस गोताखोरों की मदद से गंगा में खोजबीन कर रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. फिलहाल पूरे मुंगेर जिले में इस मामले को लेकर चर्चा तेज है. अब देखना होगा कि यह वाकई आत्महत्या है या करोड़ों की ठगी कर रची गई एक बड़ी साजिश.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
