चांडिल: बंगला नववर्ष ‘पोहिला बोईशाख’ के पावन अवसर पर बुधवार को चांडिल प्रखंड क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक उत्साह का माहौल देखने को मिला. इस दौरान स्थानीय विधायक सविता महतो विभिन्न गांवों में आयोजित अखंड हरिनाम संकीर्तन में शामिल हुईं.


विधायक सविता महतो पाथराकुन, काटीया के डकाडीह एवं शहरबेड़ा टूईलुंग गांव पहुंचीं, जहां उन्होंने हरि मंडप में माथा टेककर क्षेत्र की सुख- समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की. इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ संकीर्तन में भाग लिया और भक्ति भाव से वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया.

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया. हरिनाम संकीर्तन में बड़ी संख्या में महिला- पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया.
इस अवसर पर विधायक सविता महतो ने कहा कि बंगला नववर्ष हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है. ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, एकता और सद्भाव को मजबूत करते हैं. उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए सुखमय जीवन की कामना की. कार्यक्रम में झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, समर भुईयां, अर्जुन सिंह मुंडा, चित्त रंजन मांझी सहित कई गणमान्य लोग एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे.



