कोडरमा: जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र से 24 घंटे से लापता एक बच्चे का शव झाड़ियों से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल बच्चे की मौत हत्या है या किसी अन्य कारण से हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा.

मरकच्चो थाना प्रभारी नंदकिशोर तिवारी ने बताया कि बच्चे के लापता होने को लेकर परिजनों के आवेदन पर सनहा दर्ज कर खोजबीन की जा रही थी. इसी दौरान बच्चे का शव झाड़ियों में मिलने की सूचना मिली. पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है.
इधर, बच्चे का शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश का माहौल बन गया. आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ राजारायडीह के समीप बरीयारडीह- मरकच्चो मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया. ग्रामीणों का कहना है कि घटना की निष्पक्ष और त्वरित जांच होनी चाहिए तथा दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की जाए.
सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने- बुझाने में जुटे रहे. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी. फिलहाल पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रक्रिया तेज कर दी गई है.

