मिहिजाम: भाजपा नगर अध्यक्ष लोकेश महतो की अध्यक्षता में वार्ड संख्या-5 में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में मेडिकल टीम ने लोगों की बीपी, शुगर और हीमोग्लोबिन सहित अन्य स्वास्थ्य जांच नि:शुल्क की. जांच के बाद चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध दवाएं भी नि:शुल्क प्रदान की गईं.


भाजपा नेता मनीष दुबे ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत शिविर का आयोजन किया गया है. उन्होंने लोगों से नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच कराने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की.
कार्यक्रम संयोजक मितेश साह ने बताया कि अभियान के तहत विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. नगर परिषद अध्यक्ष कमल गुप्ता ने स्वास्थ्य शिविर को स्वस्थ भारत के संकल्प की दिशा में एक पहल बताया.
शिविर में डॉ. जयदीप मलिक, सीएचओ बबली गोराई, एएनएम खुशबू गुप्ता, एचएम रियाजुद्दीन अंसारी और फार्मासिस्ट श्याम किशोर रविदास समेत भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

