जमशेदपुर: मानगो नगर निगम के ओल्ड पुरुलिया रोड पर अपना मैरिज हॉल के समीप नागरिक सुविधाओं की अनदेखी लोगों के लिए परेशानी और खतरे का कारण बनती जा रही है. नाली की सफाई के दौरान हटाया गया स्लैब कई महीने बीत जाने के बाद भी दोबारा नहीं लगाया गया है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है.

स्थानीय लोगों के अनुसार संबंधित विभाग ने नाली की सफाई के लिए स्लैब हटाया था. सफाई कार्य पूरा होने के बाद भी नाली को ढका नहीं गया. मुख्य सड़क के किनारे खुली पड़ी नाली राहगीरों और वाहन चालकों के लिए जोखिम का कारण बनी हुई है. विशेष रूप से रात के समय और बरसात के मौसम में दुर्घटना की आशंका और अधिक बढ़ जाती है.

क्षेत्रवासियों का कहना है कि समस्या केवल खुली नाली तक सीमित नहीं है. नाली के समीप स्थित एक बड़ा पेड़ भी हादसे का कारण बन सकता है. पेड़ की कई डालियां सड़क की ओर झुक गई हैं, जिससे आने-जाने वाले लोगों और वाहनों को खतरा बना हुआ है.
यह मार्ग मानगो के व्यस्ततम क्षेत्रों में शामिल है, जहां दिनभर बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है. ऐसे में खुली नाली और सड़क की ओर झुकी पेड़ की शाखाएं किसी भी समय बड़े हादसे की वजह बन सकती हैं.

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर दिलाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित को देखते हुए नाली पर तत्काल स्लैब लगाया जाए और सड़क की ओर झुकी पेड़ की डालियों की छंटाई कराई जाए.
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए और कोई दुर्घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक



