जमशेदपुर: मानगो के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित अशोका टावर के समीप स्थापित बिजली विभाग का ट्रांसफार्मर इन दिनों घनी झाड़ियों और घास-फूस से घिरा हुआ है. बरसात का मौसम शुरू होते ही यह स्थिति स्थानीय लोगों के लिए चिंता और संभावित खतरे का कारण बन गई है.

ट्रांसफार्मर के चारों ओर उगी झाड़ियां विभागीय लापरवाही को उजागर कर रही हैं. साथ ही किसी बड़े हादसे की आशंका को भी बढ़ा रही हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मर के आसपास लंबे समय से सफाई नहीं कराई गई है. लगातार बढ़ रही झाड़ियों के कारण ट्रांसफार्मर तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है.
क्षेत्रवासियों के अनुसार बरसात के दौरान नमी और जलभराव की स्थिति में शॉर्ट सर्किट, आग लगने अथवा करंट फैलने जैसी घटनाएं हो सकती हैं. ऐसे में आसपास से गुजरने वाले राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय निवासियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बिजली विभाग को समय-समय पर ट्रांसफार्मरों और अन्य विद्युत उपकरणों के आसपास सफाई अभियान चलाना चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके. लेकिन अशोका टावर के पास स्थित इस ट्रांसफार्मर की वर्तमान स्थिति को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि विभाग ने लंबे समय से इसकी सुध नहीं ली है.
लोगों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते झाड़ियों की सफाई नहीं कराई गई और आवश्यक सुरक्षा उपाय नहीं किए गए, तो बरसात के मौसम में कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है. स्थानीय नागरिकों ने बिजली विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि ट्रांसफार्मर के आसपास उगी झाड़ियों को तत्काल हटाया जाए तथा आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी संभावित हादसे को रोका जा सके. फिलहाल क्षेत्र के लोग संबंधित विभाग की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं. अब देखना यह है कि आम लोगों की सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर विभाग कब तक संज्ञान लेता है.
रिपोर्ट: अफरोज मल्लिक



