जमशेदपुर. मानगो नगर निगम क्षेत्र में वर्षों से जाम और गंदगी से प्रभावित नालियों की सफाई को लेकर शुरू हुई पहल अब धरातल पर नजर आने लगी है. मेयर सुधा गुप्ता की पहल पर जुस्को ने मानगो के विभिन्न इलाकों में विशेष नाला सफाई अभियान शुरू कर दिया है. इससे बरसात के मौसम में जलजमाव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है.



जानकारी के अनुसार, हाल ही में मेयर सुधा गुप्ता ने टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक से मुलाकात कर मानगो की साफ-सफाई, जलनिकासी और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए थे. इसके बाद जुस्को ने विशेष अभियान चलाते हुए विभिन्न क्षेत्रों की नालियों से वर्षों से जमी गाद, कचरा और अन्य अवरोधों को हटाने का कार्य शुरू किया है.

सफाई कार्य का निरीक्षण करने स्वयं मेयर सुधा गुप्ता मौके पर पहुंचीं. उन्होंने जुस्को के अधिकारियों के साथ विभिन्न स्थलों का जायजा लिया और निर्देश दिया कि अभियान केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक प्रभावित क्षेत्र की नालियों की पूरी तरह सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि बरसात के दौरान जलनिकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे.
मेयर ने कहा कि मानगो की जनता को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि टाटा स्टील प्रबंधन के साथ सकारात्मक समन्वय का परिणाम अब जमीन पर दिखाई दे रहा है. आने वाले समय में सड़क, जलापूर्ति, सफाई और अन्य आधारभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए भी लगातार प्रयास किए जाएंगे.
उन्होंने जुस्को अधिकारियों से जलनिकासी की गंभीर समस्या वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता देने और सफाई अभियान को नियमित रूप से जारी रखने का भी आग्रह किया.
स्थानीय नागरिकों ने भी नाला सफाई कार्य शुरू होने पर संतोष व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि इससे जलजमाव और गंदगी की समस्या में काफी कमी आएगी. निरीक्षण के दौरान नगर निगम के प्रबंधक निशांत कुमार, जुस्को के अधिकारी जगन्नाथ महापात्र सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक





