गम्हरिया: गुरुवार की सुबह टायो गेट पर एक मासूम बच्चा भटकता हुआ मिला स्थानीय लोगों ने बच्चे को कॉलोनी गेट के पास देखा और इसकी सूचना तुरंत गम्हरिया पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को अपने संरक्षण में लेते हुए गम्हरिया थाना लेकर आई.

गम्हरिया थाना प्रभारी कुणाल कुमार ने बताया कि बच्चा वर्तमान में गम्हरिया थाना में सुरक्षित रखा गया है. उन्होंने कहा कि बच्चे के परिजनों की तलाश की जा रही है और आसपास के इलाकों में बच्चे की पहचान के लिए सूचना प्रसारित की गई है. थाना प्रभारी ने यह भी अपील की है कि यदि किसी को बच्चे की पहचान या उसके परिजनों के बारे में जानकारी हो तो तुरंत गम्हरिया थाना से संपर्क करें.
स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चा अकेला और डरा हुआ था. पुलिस ने उसे भोजन और पानी उपलब्ध कराते हुए उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की है. गम्हरिया पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि बच्चा पूरी तरह सुरक्षित है और शीघ्र ही उसे उसके परिवार तक पहुंचाया जाएगा.

