लोहरदगा: जिले के बड़की चांपी कुडू दुर्गा पूजा समिति की ओर से दुर्गा पूजा के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक झांकी कार्यक्रम का आयोजन किया गया. वृंदावन और बनारस से आए कलाकारों ने भगवान राम और श्रीकृष्ण की रासलीला का जीवंत मंचन कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया. कलाकारों के नृत्य और अभिनय पर दर्शक भी झूमते नजर आए.



कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा और विशिष्ट अतिथि कुडू थाना प्रभारी नीरज झा सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए. पूजा समिति के अध्यक्ष उदय कुमार गुप्ता, सचिव अमोद पाठक और पुरोहित अनूप देव पौराणिक ने अतिथियों से मां दुर्गा की पूजा एवं आरती कराई. इसके बाद पत्रकार नंदलाल तिवारी के संचालन में सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू हुआ.

एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा ने दुर्गा पूजा को सत्य की विजय और भारतीय संस्कृति के मूल्यों से जुड़ा पर्व बताते हुए लोगों से सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया. थाना प्रभारी नीरज झा ने मां दुर्गा को निर्बलों और असहायों की रक्षा का प्रतीक बताया.

कार्यक्रम में लायंस क्लब के जिला सचिव सतीश जायसवाल, सत्यजीत देवघरिया, पत्रकार किशोर कुमार वर्मा, उप मुखिया हेना तिवारी सहित पूजा समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे.

