लोहरदगा: जिले में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बीएस कॉलेज स्टेडियम में जिला प्रशासन द्वारा मुख्य समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की शामिल हुईं. मंत्री ने झंडोतोलन कर स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को नमन किया तथा परेड का निरीक्षण किया.

राज्यवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मंत्री ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि देश संकट की स्थिति में है और वोट चोरी के मामले से संविधान के मूल्यों का हनन हो रहा है. बिहार में एसआईआर के माध्यम से 65 लाख वोटरों के नाम हटाए जाने को उन्होंने गलत करार दिया. मंत्री ने कहा कि यह मुद्दा आम जनता को भी सोचने पर मजबूर करता है. इस विशेष दिन पर उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि आजादी हमें लंबे संघर्ष के बाद मिली है और हमें इसकी रक्षा के लिए सजग रहना चाहिए.

