लोहरदगा: कैरो प्रखंड के बक्सी गांव में छोटा स्पाइडर फुटबॉल टीम के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय खस्सी एवं कैश मनी फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन फाइनल मुकाबले के साथ हुआ. फाइनल मैच गोपालगंज और बबलू स्वराज की टीम के बीच खेला गया. निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं. इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट में बबलू स्वराज की टीम ने गोपालगंज की टीम को एक गोल से हराकर चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया. वहीं, गोपालगंज की टीम उपविजेता रही. विजेता और उपविजेता टीमों को अतिथियों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया.


अतिथियों का बैज पहनाकर किया गया स्वागत
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में सढ़ाबे की मुखिया सुमित्रा उरांव, प्रखंड सांसद प्रतिनिधि समीद अंसारी, समाजसेवी सह कांग्रेसी नेता किशोर भगत, तिला उरांव और भाजपा के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष राजेंद्र महतो शामिल हुए. आयोजन समिति की ओर से सभी अतिथियों को बैज पहनाकर स्वागत किया गया. फाइनल मुकाबले में उतरी दोनों टीमों के खिलाड़ियों से अतिथियों ने हाथ मिलाकर परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साह बढ़ाया.
खेल से होता है शारीरिक और मानसिक विकास
समापन समारोह को संबोधित करते हुए सढ़ाबे की मुखिया सुमित्रा उरांव ने कहा कि खेलकूद से शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास होता है. खेल हमें जीवन में संघर्ष करते हुए आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देता है. उन्होंने खिलाड़ियों को खेल के माध्यम से अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया.
वहीं, प्रखंड सांसद प्रतिनिधि समीद अंसारी ने कहा कि खिलाड़ियों को हमेशा खेल भावना के साथ खेलना चाहिए. खेल में हार-जीत लगी रहती है, लेकिन अनुशासन, आपसी सहयोग और खेल भावना सबसे महत्वपूर्ण हैं.
आयोजन समिति के सदस्य रहे मौजूद
मौके पर कांग्रेसी नेता सह समाजसेवी किशोर भगत, भाजपा के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष राजेंद्र महतो, तिला उरांव, आयोजन समिति के अध्यक्ष जीता उरांव, उपाध्यक्ष बिनोद उरांव, सचिव सूखैर उरांव, कोषाध्यक्ष बजरंग उरांव, मुख्य संरक्षक जगरनाथ उरांव, अदला उरांव, मंगरा उरांव समेत तेजा उरांव, सुशील उरांव, तेतरी उरांव और छेदी उरांव सहित अन्य लोग उपस्थित थे.

