
सरायकेला: कुचाई प्रखंड स्थित भाजपा कार्यालय में सोमवार को भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रख्यात शिक्षाविद् एवं महान राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई. इस अवसर पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके विचारों और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया.


कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई. उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया. उन्होंने भारतीय संस्कृति और राष्ट्रवाद को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसका प्रभाव आज भी देश की राजनीति और समाज में दिखाई देता है.
भाजपा नेताओं ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का सिद्धांत राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है. उनके विचार आज भी युवाओं और कार्यकर्ताओं को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं. कार्यकर्ताओं से उनके आदर्शों का अनुसरण करते हुए समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित रहने का आह्वान किया गया.
कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य जींगी हेंब्रम, प्रखंड प्रमुख गुड्डी देवी, मंडल अध्यक्ष दास सोय, अश्विनी सिंह देव, आसु हेंब्रम, मधुसूदन दास, धर्मेंद्र सांडिल, मनोज मुदुइया सहित भाजपा के कई पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता और युवा मोर्चा के सदस्य उपस्थित रहे.
कार्यक्रम के अंत में सभी ने दो मिनट का मौन रखकर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्र निर्माण के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया.
Edited By Sarita





