कुचाई: प्रखंड के दलभंगा में 100 शैय्या वाले छात्रावास निर्माण कार्य का शिलान्यास मंगलवार को भारत सरकार के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने ऑनलाइन किया. यह निर्माण धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत किया जाएगा.

हॉस्टेल का निर्माण राज्य संपोषित उच्च विद्यालय, दलभंगा परिसर में किया जाएगा. इस पर लगभग 2.75 करोड़ रुपये की लागत आएगी. कार्यक्रम स्थल पर जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, बीडीओ साधु चरण देवगम, बीइइओ नवल किशोर सिंह, जिप सदस्य जींगी हेंब्रम, प्रमुख गुड्डी देवी सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद थे.

फीका रहा कार्यक्रम
शिलान्यास कार्यक्रम में ज्यादा भीड़ नहीं जुट सकी. कार्यक्रम की जानकारी जनप्रतिनिधियों और मीडिया को कुछ घंटे पहले ही दी गई थी. इसके चलते न तो स्थानीय सांसद काली चरण मुंडा और न ही विधायक दशरथ गागराई कार्यक्रम में शामिल हो सके. शिलान्यास बोर्ड पर हालांकि दोनों के नाम अंकित थे.

बैनर में बताई गई गलत जानकारी
हॉस्टल निर्माण धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत हो रहा है. लेकिन कार्यक्रम में लगे बैनर में इसे “धरती आबा झारखंड ग्रामीण उत्कर्ष अभियान” दर्शाया गया, जो गलत था. यह गलती पूरे कार्यक्रम में चर्चा का विषय बनी रही.

