खूंटी: जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां पुलिस ने अवैध अफीम तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है. इस ऑपरेशन को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है. जानकारी के अनुसार, खूंटी थाना क्षेत्र में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सदर अस्पताल से हुड़े की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर एक युवक मोटरसाइकिल से अवैध अफीम लेकर बिक्री के लिए पहुंचा है. सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष छापेमारी टीम का गठन किया और मौके पर दबिश दी.

छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को काले रंग की मोटरसाइकिल पर देखा. पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन मोटरसाइकिल स्टार्ट नहीं हो सकी. इसके बाद वह वाहन छोड़कर भागने लगा, जिसे पुलिस ने खदेड़कर पकड़ लिया. तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल की सीट के अंदर से काले पॉलिथीन में करीब 1 किलो अवैध अफीम बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 25 वर्षीय मानी मुंडा के रूप में हुई है, जो मारंगहादा थाना क्षेत्र का निवासी है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है.
इस संबंध में एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.

