खूंटी: जिले के कर्रा प्रखंड के घासीबाड़ी क्षेत्र में ग्रामीणों से संदिग्ध गोवंश परिवहन की सूचना मिलने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पैदल ले जाए जा रहे 20 से अधिक गोवंश को रोक दिया. सूचना पर जिला संयोजक कर्मवीर महतो के नेतृत्व में कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली.


इस दौरान कर्रा पुलिस की मौजूदगी में गोवंश के परिवहन से संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई. संबंधित लोगों ने बाजार समिति, जलटंडा से जारी दस्तावेज प्रस्तुत किए. दस्तावेज प्रस्तुत किए जाने के बाद गोवंश को मुक्त कर दिया गया.
बजरंग दल के जिला संयोजक कर्मवीर महतो ने कहा कि ग्रामीणों से मिली सूचना को गंभीरता से लेते हुए कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे थे. उन्होंने कहा कि गोवंश के परिवहन में यदि नियमों का उल्लंघन या अवैध तस्करी का मामला सामने आता है तो प्रशासन को संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए.
उन्होंने प्रशासन से गोवंश के अवैध परिवहन एवं तस्करी से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच करने की मांग की. साथ ही ग्रामीणों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना सीधे प्रशासन को देने की अपील की.
मौके पर जिला संयोजक कर्मवीर महतो, मनोरंजन स्वंशी, निशांत कुमार, ओम ठाकुर, प्रेम कुमार, रोहित सिंह, रोशन कुमार समेत बजरंग दल के अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे.

