सरायकेला: दुष्कर्म के मामले में वर्षों से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को खरसावां थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. आरोपी कानून की गिरफ्त से बचने के लिए अपना नाम बदलकर दूसरे जिले में रह रहा था, लेकिन पुलिस की लगातार निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर आखिरकार वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया.


पुलिस के अनुसार खरसावां थाना कांड संख्या-08/18, दिनांक 07 फरवरी 2018 में भारतीय दंड संहिता की धारा 376 के तहत दर्ज मामले में आरोपी पातुई बोयपाई के खिलाफ स्थायी वारंट जारी था. आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए अपनी पहचान बदलकर केदार बोयपाई नाम से चाईबासा क्षेत्र में रह रहा था.
खरसावां पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी बदली हुई पहचान के साथ दूसरे क्षेत्र में रह रहा है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचना तंत्र की मदद से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी और योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को खरसावां थाना लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया. न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि आरोपी कई वर्षों से फरार था और लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था. पुलिस न्यायालय से निर्गत वारंटों के निष्पादन और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार अभियान चला रही है. किसी भी अपराधी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा.
उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि फरार अपराधियों या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें. सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.
पुलिस का कहना है कि जिले में लंबित वारंटों के निष्पादन और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह



