सरायकेला/ Pramod Singh खरसावां थाना क्षेत्र के गांगुडीह गांव के पुरानपानी टोला से सटे जंगल में बुधवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव आम के पेड़ से लटका मिला. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए.

जानकारी के अनुसार सुबह कुछ ग्रामीण जंगल की ओर गए थे, तभी सुरु नाला के किनारे आम के पेड़ से लटका शव देखा गया. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी.
सूचना पर थाना प्रभारी गौरव कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी. शव की उम्र लगभग 30 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सरायकेला भेज दिया. थाना प्रभारी ने बताया कि शव की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और गुमशुदगी के मामलों की भी जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.

