खरसावां: प्रखंड क्षेत्र स्थित आमदा खादी पार्क में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई. कार्यक्रम का आयोजन खरसावां प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि कोंदो कुंभकार के नेतृत्व में किया गया. इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बताए सत्य, अहिंसा, प्रेम, भाईचारे और मानवता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया.


कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी की प्रतिमा एवं चित्र पर पुष्प अर्पित करने और माल्यार्पण के साथ हुई. इसके बाद वक्ताओं ने गांधी के जीवन, स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान तथा उनके विचारों पर चर्चा की.
गांधी के विचार आज भी समाज को दिखा रहे दिशा
प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि कोंदो कुंभकार ने कहा कि महात्मा गांधी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं. उन्होंने सत्य और अहिंसा के बल पर स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी. उनके विचार आज भी समाज का मार्गदर्शन कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में गांधी के आदर्शों को आत्मसात करने की आवश्यकता और अधिक है. सत्य, अहिंसा, शांति, सद्भाव और एकता के उनके सिद्धांत समाज को जोड़ने का संदेश देते हैं.
कोंदो कुंभकार ने कहा कि गांधी ने गरीबों, किसानों, मजदूरों और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए जीवन भर काम किया. खादी और स्वदेशी के माध्यम से उन्होंने आत्मनिर्भरता का संदेश दिया. आमदा खादी पार्क में उनकी जयंती मनाने का उद्देश्य उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से परिचित कराना है.
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को साझा किया. वक्ताओं ने सामाजिक बुराइयों को दूर करने, आपसी भाईचारा मजबूत करने और देशहित में काम करने का आह्वान किया.
इस अवसर पर प्रदेश सचिव छोटराय किस्कू, युवा जिलाध्यक्ष राजाराम पडेया, ओबीसी जिलाध्यक्ष जगबंधु महतो, मंगल सिंह हांसदा, मंडल अध्यक्ष शंकर लोवादा, हरि महतो, युवा प्रखंड अध्यक्ष गुरुचरण होनहागा, कुचाई प्रखंड अध्यक्ष बारजू लोहार, प्रखंड उपाध्यक्ष कन्हैया लाल समाड़, प्रखंड महासचिव सौरव तांती, युवा उपाध्यक्ष शंकर दिग्गी, देवासिस तांती, दिलीप सिंह लियांगी, आशीष बनर्जी, राकेश बानसिंह, इंतखब आलम, ओबीसी प्रखंड अध्यक्ष महावीर प्रधान, प्रकाश प्रधान, साधु हाईबुरु और हरिदया प्रधान समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.

