सरायकेला: जिले के खरसावां प्रखंड के रिडिंग गांव के कुंडियासाई टोला में डायरिया से एक और मौत हो गई है. गुरुवार सुबह 66 वर्षीय माकी हेंब्रम की बुखार, उल्टी और दस्त के लक्षणों के बाद मौत हो गई. इससे पहले मंगलवार को 10 वर्षीय अमर सिंह सिजुई की डायरिया से जान चली गई थी. अब तक मृतकों की संख्या दो हो चुकी है.

जिले के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. गांव में नौ लोग डायरिया से पीड़ित हैं, जिन्हें एमजीएम जमशेदपुर और सदर अस्पताल सरायकेला में भर्ती कराया गया है. डीसी के निर्देश पर गांव में एंबुलेंस और मेडिकल टीम को 24 घंटे के लिए तैनात किया गया है, जो घर-घर जाकर जांच कर रही है.
निरीक्षण के दौरान डीसी ने पेयजल, शौचालय और सड़क व्यवस्था की बदहाली पर नाराजगी जताई. ग्रामीणों ने बताया कि सोलर संचालित जलापूर्ति योजना कई महीनों से खराब है और अधिकांश शौचालय उपयोगहीन पड़े हैं. जलापूर्ति बंद होने से लोग पुराने कुएं का दूषित पानी पीने को मजबूर हैं, जिससे डायरिया फैल गया. डीसी ने पीएचइडी विभाग पर नाराजगी जताते हुए जलापूर्ति योजना स्थापित करने वाली एजेंसी पर प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया.

