चांडिल/ Afroz Mallik कपाली नगर परिषद क्षेत्र की मुख्य सड़क पर लंबे समय से जलजमाव की गंभीर समस्या बनी हुई है. बरसात के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, लेकिन सूखे दिनों में भी गंदा पानी जमा रहने से आमजन को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है.

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी सड़क पर रुक जाता है. कीचड़ के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है. वही गंदे पानी से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है.

लोगों ने सवाल उठाया है कि आखिर कब कपाली की मुख्य सड़क जलजमाव से मुक्त होगी और क्या इसी हालात में यहां के लोग जीने को मजबूर रहेंगे. स्थानीय जनता ने प्रशासन से मांग की है कि तुरंत प्रभाव से नालियों की सफाई कराई जाए. साथ ही नई जल निकासी व्यवस्था और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराई जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके.

