चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत गैस गोदाम रोड स्थित भाभी होटल चौक का सरकारी चापानल लंबे समय से खराब पड़ा है. स्थानीय लोगों के लिए पेयजल का महत्वपूर्ण साधन रहे इस चापानल से पानी नहीं निकलने के कारण आसपास के लोगों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है.


स्थानीय लोगों के मुताबिक चापानल बीते मोहर्रम के समय से ही खराब है. इसकी जानकारी संबंधित वार्ड के जनप्रतिनिधियों को कई बार दी गई, लेकिन अब तक मरम्मत नहीं हो सकी है. लोगों का आरोप है कि शिकायत के बाद कभी-कभार मिस्त्री के साथ लोग मौके पर पहुंचते जरूर हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया.
बुजुर्ग का सवाल- आखिर किसके पास जाए जनता ?
चापानल के समीप रहने वाले एक बुजुर्ग ने व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कहा कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं के समाधान के बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन चुनाव के बाद पीने के पानी जैसी बुनियादी समस्या के लिए भी लोगों को बार-बार गुहार लगानी पड़ रही है.
उन्होंने सवाल उठाया कि जब शिकायत के बावजूद एक सरकारी चापानल की मरम्मत नहीं हो पा रही है तो आम लोग अपनी समस्या लेकर आखिर किसके पास जाएं. उनका कहना है कि पानी लोगों की बुनियादी जरूरत है और इसके लिए महीनों इंतजार कराना उचित नहीं है.
स्कूल, गैस गोदाम और दुकानों के बीच खराब पड़ा चापानल
खास बात यह है कि चापानल किसी सुनसान स्थान पर नहीं, बल्कि गैस गोदाम रोड के भाभी होटल चौक जैसे आवाजाही वाले इलाके में स्थित है. इसके आसपास कपाली प्लस टू हाई स्कूल, गैस गोदाम और कई दुकानें हैं. इस रास्ते से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना होता है.
स्थानीय लोगों के अनुसार चापानल खराब रहने के कारण जरूरतमंद लोगों को दूसरे स्थानों से पानी का इंतजाम करना पड़ रहा है. लोगों ने कपाली नगर परिषद और संबंधित जनप्रतिनिधियों से चापानल की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा के मामले में लापरवाही नहीं होनी चाहिए. अब लोगों को इंतजार है कि नगर परिषद और संबंधित जनप्रतिनिधि कब इस समस्या का संज्ञान लेकर चापानल की मरम्मत कराते हैं.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

