
सरायकेला: जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र में गैस गोदाम रोड स्थित भाभी होटल चौक के पास जर्जर सड़क एक बार फिर हादसे की वजह बन गई. शुक्रवार सुबह बांस लादकर जा रहा एक मालवाहक टेंपो जैसे ही सड़क पर बने गहरे गड्ढे में पहुंचा, उसका संतुलन बिगड़ गया और अगला पहिया ऊपर उठने से पूरा वाहन लगभग सीधा खड़ा हो गया. यह नजारा देखकर आसपास मौजूद लोग भी कुछ पल के लिए हैरान रह गए.


स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली. राहत की बात यह रही कि चालक समेत किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई. हालांकि लोगों का कहना है कि अगर उस समय सड़क पर ज्यादा भीड़ होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई महीनों से यह गड्ढा लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है. रोजाना छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं, लेकिन सड़क की मरम्मत को लेकर जिम्मेदार विभाग अब भी गंभीर नजर नहीं आ रहा है. लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत और गड्ढों को भरने की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना न हो.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक






