सरायकेला: कपाली नगर परिषद क्षेत्र में मूसलाधार बारिश के कारण कच्चा मकान धंसने से एक बुजुर्ग समेत दो महिलाएं घायल हो गईं. घटना के बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए कपाली स्थित टीएनबी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
घटना की जानकारी प्रेस के माध्यम से मिलने के बाद कपाली नगर परिषद के उपाध्यक्ष मोहम्मद शाबान उर्फ सिटू टीएनबी नर्सिंग होम पहुंचे. उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायल महिलाओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और इलाज की जानकारी ली.



इस दौरान नगर परिषद उपाध्यक्ष ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता के रूप में 10 हजार रुपये प्रदान किए. उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की.
मौके पर मोहम्मद शाबान उर्फ सिटू ने कहा कि मूसलाधार बारिश के कारण गरीब परिवारों के कच्चे मकानों को काफी नुकसान पहुंच रहा है. ऐसे मुश्किल समय में पीड़ित परिवारों की मदद करना सभी की जिम्मेदारी है.
उन्होंने आम लोगों से भी घायल महिलाओं के इलाज और पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आने की अपील की. उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवार की सहायता करना मानवता का सबसे बड़ा धर्म है और इस मुश्किल घड़ी में समाज के सक्षम लोगों को पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए.
नगर परिषद उपाध्यक्ष की ओर से दी गई आर्थिक सहायता के बाद पीड़ित परिवार ने उनका आभार जताया. वहीं स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आपदा के समय जनप्रतिनिधियों और समाज के लोगों को जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आना चाहिए.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक





